
ग्वालियर। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने आज ग्वालियर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के घर घर जाकर मुलाकात की। चार दिवसीय ग्वालियर-चंबल प्रवास के पहले दिन उन्होंने दिनभर पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया और संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी को बूथ स्तर तक मज़बूत करने का संदेश दिया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह दौरा कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा और एकजुटता लाने की दिशा में अहम कदम माना है। उन्होंने पुराने कांग्रेसजनों से पुनः संपर्क साधा और स्थानीय राजनीतिक परिस्थिति, जनता की समस्याओं तथा संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की।
अजय सिंह ने अपने ग्वालियर प्रवास के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ताओं से उनके निवास पर जाकर भेंट की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना और प्रदेश व क्षेत्रीय संगठन की गतिविधियों पर विचार साझा किया।
उन्होंने जिन नेताओं से सौजन्य मुलाकात की उनमें पूर्व मंत्रीगण भगवान सिंह यादव, लाखन सिंह यादव, बालेंदु शुक्ला, विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार, शहर जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रभु दयाल जौहरे,
वासुदेव शर्मा, सुग्रीव सिंह कुशवाहा, एंदल सिंह कंसाना, संगम सिंह जाटव, अजीत परमार, साहिद सिंह गुर्जर, गोपाल सिंह परमार, राजेन्द्र सिंह नाती, प्रभु दयाल जौहरे, विवेक सिंह तोमर और योगेन्द्र सिंह शामिल हैं। इन मुलाकातों के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति उसका कार्यकर्ता वर्ग है, जो हर कठिन परिस्थिति में पार्टी के साथ खड़ा रहा है।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील
अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि जब तक कार्यकर्ता सक्रिय नहीं होंगे, तब तक कोई भी संगठन मज़बूत नहीं बन सकता। कांग्रेस के हर निर्णय में कार्यकर्ता की भागीदारी ज़रूरी है और यही हमारी संगठन संस्कृति है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग और सेवा की भावना से जुड़ा है। हमारा उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनसेवा की उस परंपरा को पुनर्जीवित करना है, जिसने कांग्रेस को देश की आत्मा बनाया।
ग्वालियर-चंबल की उपेक्षा पर सरकार को घेरा
मुलाकातों के बाद पत्रकारों से चर्चा में अजय सिंह ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की हालत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल का दाम नहीं, युवाओं को रोजगार नहीं, व्यापारियों को राहत नहीं और आम जनता को सुविधाएँ नहीं मिलीं। सरकार केवल नारो में व्यस्त है। सड़कों की दुर्दशा, अधूरी सिंचाई योजनाएँ और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली जनता की पीड़ा को बढ़ा रही हैं। अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में इन मुद्दों को लेकर एक बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। राहुल भैया ने कहा जनता को अब जवाब चाहिए, कांग्रेस उनकी आवाज़ बनकर हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी ।
