
छतरपुर। छतरपुर के महोबा रोड पर हुए सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रामप्यारी अहिरवार, निवासी ग्राम पनोठा (ईशानगर थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
परिजनों के अनुसार रामप्यारी अहिरवार अपने बेटे अशोक के साथ गढ़ीमलहरा स्थित बालाजी मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। इसी दौरान महोबा रोड पर तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और स्कूटी चालक की तलाश की जा रही है।
