ग्वालियर:शहर की प्रतिष्ठित संस्था रामकृष्ण आश्रम ने अपने नागरिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए 12 लाख रुपये का संपत्ति कर जमा कर दिया है। इसे नगर निगम द्वारा बड़े बकायेदारों के खिलाफ चलाई जा रही सख्ती के सकारात्मक असर के रूप में देखा जा रहा है। आश्रम के सचिव स्वामी कृष्णम्रतानंद महाराज ने नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय से मुलाकात कर उन्हें 12 लाख रुपये की राशि का चेक सौंपा। अपर आयुक्त मुनीश सिंह सिकरवार के नेतृत्व में निगम की टीमें इन दिनों शहर के बड़े संस्थानों और व्यावसायिक इकाइयों से कर वसूली के लिए फील्ड पर हैं।
इस सक्रियता के बीच आश्रम द्वारा स्वयं आगे बढ़कर कर का भुगतान करना निगम की वित्तीय स्थिति के लिए राहत भरी खबर है। भुगतान के दौरान स्वामी कृष्णम्रतानंद ने शहर की अन्य सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर विकास केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि संस्थानों का भी संवैधानिक कर्तव्य है कि वे समय पर कर चुकाएं। इस दौरान उनके साथ रामकृष्ण विद्या मिशन के उप प्राचार्य अवधेश कुमार दीक्षित भी मौजूद रहे।
