ऋतिक रोशन की ‘कृष 4’ के बजट पर फंसा पेंच: 500 करोड़ की मांग और आदित्य चोपड़ा की 350 करोड़ की लिमिट से अधर में लटका सुपरहीरो का भविष्य

मुंबई | बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरहीरो फ्रैंचाइजी ‘कृष 4’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए मायूस करने वाली खबर सामने आई है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की शूटिंग को फिलहाल अनिश्चित काल के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। फिल्म के निर्माण में रुकावट की मुख्य वजह सुपरस्टार ऋतिक रोशन और निर्माता आदित्य चोपड़ा के बीच बजट को लेकर चल रहा मतभेद बताया जा रहा है। ऋतिक इस फिल्म को 500 करोड़ रुपये के भव्य स्तर पर फिल्माना चाहते हैं, जबकि प्रोडक्शन हाउस यशराज फिल्म्स बजट को 350 करोड़ रुपये तक सीमित रखने के पक्ष में है।

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, आदित्य चोपड़ा के साथ कई दौर की बातचीत के बाद भी जब सहमति नहीं बनी, तो ऋतिक रोशन ने अब अन्य बड़े प्रोडक्शन हाउस से संपर्क करना शुरू कर दिया है। ऋतिक का मानना है कि ‘कृष’ जैसे ब्रांड के साथ न्याय करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के वीएफएक्स (VFX) और बड़े पैमाने की आवश्यकता है। वर्तमान में अभिनेता खुद फिल्म की स्क्रिप्ट पर बारीकी से काम कर रहे हैं। इस विवाद के कारण 2026 के अंत तक भी फिल्म के फ्लोर पर जाने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है।

ऋतिक रोशन को आखिरी बार ‘वॉर 2’ में देखा गया था, लेकिन जूनियर एनटीआर जैसे सितारों के होने के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी थी। ‘वॉर 2’ की आलोचना और औसत बिजनेस के बाद ऋतिक अब अपनी अगली फिल्म के चुनाव में फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। ‘कृष 4’ के अलावा उनके पास होम्बले फिल्म्स का एक बड़ा प्रोजेक्ट भी है। फैंस को उम्मीद है कि बजट का यह विवाद जल्द सुलझेगा और उन्हें भारत का सबसे बड़ा सुपरहीरो एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करते हुए दिखेगा।

Next Post

दतिया में पुराने विवाद को लेकर दो समाजों में मारपीट, ग्राम पचैरा में तनाव

Mon Feb 9 , 2026
दतिया: जिले के थरेट थाना अंतर्गत ग्राम पचैरा में पुराने विवाद को लेकर बघेल और परिहार समाज के लोगों के बीच मारपीट हो गई जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद दोनों पक्ष थरेट थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराने की तैयारी की। […]

You May Like