दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी : रेखा

नयी दिल्ली, 7 फरवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कभी फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी।

श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को मटियाला विधानसभा क्षेत्र में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कभी फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी। ये शिलान्यास केवल ईंट और पत्थर का प्रतीक नहीं है, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों के विश्वास, सुविधाओं और बेहतर जीवन की मजबूत नींव हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने मटियाला विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 400 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। इससे इस क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य विकास को कागजों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उसे जमीन पर उतारकर हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के अंतर्गत सड़कों, नालियों, ड्रेनेज सिस्टम, पार्कों, सामुदायिक स्थलों और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े अनेक कार्य किए जाएंगे। ग्रामीण और शहरी इलाकों को जोड़ने वाले मार्गों के निर्माण से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे आवागमन सुगम बनेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर तंज करते हुए कहा कि वर्षों तक ग्रामीण क्षेत्रों को केवल घोषणाओं और वादों में उलझाए रखा गया। उन्होंने न गांवों की बुनियादी जरूरतों पर ध्यान दिया और न ही विकास योजनाओं को जमीन पर उतारा। इसकी वजह से सड़कें जर्जर होती चली गईं, जल निकासी और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपेक्षित रहीं और गांवों को विकास की मुख्यधारा से काटकर रख दिया गया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान की दिल्ली सरकार का विजन केवल बड़े प्रोजेक्ट्स तक सीमित नहीं है, बल्कि गली, मोहल्ले और गांव स्तर तक विकास पहुंचाना है। मटियाला में शुरू की गई ये परियोजनाएं इसी सोच का उदाहरण हैं, जहां बुनियादी ढांचे के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता और कनेक्टिविटी पर समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन कार्यों के पूरा होने से मटियाला विधानसभा क्षेत्र विकास, सुविधा और विश्वास का एक सशक्त मॉडल बनकर उभरेगा। सरकार जनता के सहयोग से दिल्ली को आधुनिक, समावेशी और आत्मनिर्भर राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

 

Next Post

जेयू में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ

Sat Feb 7 , 2026
ग्वालियर। आज के दौर में प्रबंधन केवल मुनाफे तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण एवं नैतिक मूल्यों का समावेश आवश्यक हो गया है। सतत व्यावसायिक प्रथाएं ही भविष्य की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव बन सकती हैं। यह बात इग्नू के पूर्व कुलगुरु प्रो.नागेश्वर राव […]

You May Like