रिलायंस ने ऑस्ट्रेलियाई बेवरेज कंपनी में खरीदी हिस्सेदारी

बेंगलुरु, 07 फरवरी (वार्ता) रिलायंस समूह की एफएमसीजी कंपनी रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (आरसीपीएल) ने स्थानीय गुडनेस ग्रुप ग्लोबल में बहुतायत हिस्सेदारी खरीदकर ऑस्ट्रेलिया के बेवरेज बाजार में कदम रखा है। आरसीपीएल ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह गुडनेस समूह के स्वास्थ्यवर्धक पेय ब्रांड नेक्सबा और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान पैट कमिंस द्वार सह-संस्थापित पेस ब्रांड की बिक्री को भारत और दूसरे बाजारों में बढ़ावा देने में सहयोग करेगी। इस निवेश के साथ आरसीपीएल को ऑस्ट्रेलियाई बाजार में भी प्रवेश मिल गया है। भारत के बाहर संयुक्त अरब अमीरात, कतर, ओमान, बहरीन, नेपाल और श्रीलंका में पहले से उसकी मौजूदगी है। उसके स्वास्थ्यवर्धक पेय के पोर्टफोलियो में रसकिक एंड सन क्रश जूस, जीरो शुगर सीएसडी और औषधीय-प्राकृतिक बेवरेज ब्रांड शून्य शामिल हैं।

रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के निदेशक टी. कृष्णकुमार ने कहा, “यह साझेदारी भारत की वैश्विक एफएमसीजी कंपनी के रूप में आरसीपीएल को स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नेक्सबा और पेस इसे और मजबूत करेंगे।” गुडनेस समूह के संस्थापक ट्रॉय डगलस ने इस साझेदारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आरसीपीएल एक अग्रणी और तेजी से बढ़ती हुई एफएमसीजी कंपनी है। अगले पांच साल में 50 के अधिक पश्चिमी बाजारों में विस्तार की योजना में वह मजबूत साझेदार साबित होगी। फिलहाल गुडनेस समूह का कारोबार ऑस्ट्रेलिया से बाहर 21 देशों में फैला है। नेक्सबा और पेस के अलावा उसके अन्य ब्रांडों में बिसोन और गुड ब्रेकी शामिल हैं।

Next Post

अमेरिका ने भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत दंडात्मक आयात शुल्क हटाया

Sat Feb 7 , 2026
वॉशिंगटन, 07 फरवरी (वार्ता) अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए पिछले साल अगस्त में भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत दंडात्मक आयात शुल्क हटा लिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 06 फरवरी को इस संबंध में एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किया। यह आदेश 07 फरवरी से […]

You May Like

मनोरंजन