
ग्वालियर। एक अजब मामला सामने आया है। युवक को चक्कर आए तो वह बस स्टॉप पर बने टेबल पर सो गया। 2 घंटे बाद जब नींद खुली तो ना उसकी बाइक थी, ना ही जेब में रखे 10 हजार और मोबाइल भी नहीं मिला। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के नदी गेट चौराहे की है। युवक ने मामले की शिकायत इंदरगंज थाना में की है और शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
इंदरगंज थाना क्षेत्र स्थित खल्लासीपुरा खटीक मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय रोहित रजक मुंबई में चाट का ठेला लगाता है। वह खाना खाने के लिए बाहर गया था। रात 12 बजे घर लौटा तो उसे अपने जीजा को 10 हजार रुपए देने जाना था। रात को अपनी बाइक लेकर वह गोला का मंदिर जाने के लिए निकला था। अभी वह नदी गेट चौराहे पर पहुंचा था कि तभी उसे चक्कर आए। चक्कर आने पर रोहित ने अपनी बाइक सड़क किनारे पार्क की और बस स्टॉप की टेबल पर लेट गया। रात करीब 2 बजे जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा सड़क पर ना तो उसकी बाइक थी और ना ही जेब में रखे दस हजार रुपए और मोबाइल था। घटना की सूचना उसने तत्काल पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
*अब सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस*
घटना की सत्यता का पता लगाने के लिए इंदरगंज पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस को आशंका है कि बाइक पैसे और मोबाइल चोरी करने वाले कहीं ना कहीं सीसीटीवी में कैद हुए होंगे। इंदरगंज टीआई दीप्ति तोमर ने बताया कि मामले की जांच जारी है, लेकिन अभी तक कहीं से कोई फुटेज मिल नहीं सके हैं। इसके अलावा युवक जो बात बता रहा है वह भी गले के नीचे नहीं उतर रही। तबियत खराब थी तो परिजनों को सूचित करता, मोबाइल से किसी को बताता, पर ऐसा कुछ नहीं किया और सड़क किनारे सो गया।
