
सिंगरौली। नगर पालिक निगम के अध्यक्ष देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में पार्षदों के साथ शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पार्षदों ने परिषद की बैठकें समय पर आयोजित करने की मांग की, ताकि विकास कार्यों को परिषद के माध्यम से त्वरित गति दी जा सके।
अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने सीवर लाइन परियोजना की गुणवत्ता और समय सीमा पर विशेष जोर देते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। बैठक में सिविक सेंटर के निर्माण को प्राथमिकता दी गई, जिसमें 200 दुकानों सहित इंडोर स्टेडियम और ऑडिटोरियम का निर्माण प्रस्तावित है। इससे निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
इसके अतिरिक्त, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आबादी के अनुसार मोबाइल टॉयलेट बढ़ाने, अमृत जल योजना में छूटे हुए वार्डों को जोड़ने और गनियारी शॉपिंग प्लाजा की दुकानों को चालू करने के निर्देश दिए गए। यातायात सुगमता के लिए निगाही मोड़ से दुधिचुआ तक फोरलेन सड़क निर्माण पर भी चर्चा हुई। जनहित में मोरवा जोन के लिए नया शव वाहन और टैंकरों की संख्या बढ़ाने के साथ ही सामुदायिक भवनों का रखरखाव अब निगम स्वयं करेगा।
