इस्लामाबाद, 05 फरवरी (वार्ता) पाकिस्तानी सेना ने देश के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में ‘आतंकवाद विरोधी अभियान’ में कम से कम 216 बलूच लड़ाकों को मार गिराया है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने गुरूवार को एक बयान में कहा कि बलूच लड़ाकों के हमलों में सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कुल 22 जवान और 36 नागरिक भी मारे गये। यह अभियान 29 जनवरी को शुरू हुआ था, जब विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी कि बलूच लड़ाके स्थानीय आबादी के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।
आईएसपीआर ने कहा कि इसके बाद सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के हमलों को नाकाम किया। बयान में कहा गया है कि इसके बाद कई इलाकों में खुफिया जानकारी पर आधारित एक बड़ा अभियान चलाया गया। बयान के अनुसार, अभियान के दौरान विदेशी मूल के हथियारों, गोला-बारूद, विस्फोटकों और अन्य उपकरणों का एक बड़ा जखीरा भी बरामद किया गया।

