
सागर। पं दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में रीजनल इन्वेस्टर सेमिनार फॉर अवेयरनेस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ( एन एस ई) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) मुंबई, के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और स्टाफ को पूंजी बाजार, निवेश के अवसरों तथा वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करना रहा। सेमिनार में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के डिप्टी मैनेजर नितिन त्रिपाठी ने शेयर बाजार की कार्यप्रणाली, सुरक्षित निवेश के सिद्धांत, म्यूचुअल फंड, आईपीओ, और डिजिटल ट्रेडिंग जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही निवेश से जुड़े जोखिम, फ्रॉड से बचाव और सेबी द्वारा निर्धारित निवेशक संरक्षण उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। प्राचार्य डॉ सरोज गुप्ता ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक वित्तीय समझ प्रदान करते हैं, जिससे वे भविष्य में बेहतर आर्थिक निर्णय ले सकें। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद करते हुए एसआईपी’ (SIP), ‘क्रिप्टोकरंसी’ और ‘टैक्स सेविंग’ से जुड़े अपने संदेह दूर किए। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ अमर कुमार जैन एवं सेबी विषय विशेषज्ञ डॉ सुनील शर्मा ने भी छात्र-छात्राओं को वित्तीय साक्षरता के महत्व से अवगत कराया, तथा बताया कि युवाओं में निवेश जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर दीर्घकालिक निवेश की ओर अग्रसर हों और आर्थिक रूप से सशक्त बनें। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेंद्र सिंह राजपूत ने किया सेमिनार में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्राध्यापक गण और कर्मचारी उपस्थित रहे।
