नीमच से मंडफिया तक श्री सांवरिया सेठ की 90 किमी की भव्य पदयात्रा में हजारों भक्त हुए शामिल

नीमच। श्री सांवरिया भक्त मंडल के तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन से ओत-प्रोत दो दिवसीय भव्य पदयात्रा नीमच से श्री सांवरिया सेठ के धाम मंडफिया के लिए प्रारंभ हो गई। नगरवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना के साथ यह ऐतिहासिक पदयात्रा लायंस पार्क चौराहे से प्रसिद्ध समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा के नेतृत्व में निकाली गई,जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।यात्रा के शुभारंभ के साथ ही पूरा नीमच नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। ‘जय सांवरिया सेठ’ के गगनभेदी जयकारों, भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। लायंस पार्क चौराहे पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने श्रद्धा भाव से पदयात्रा में सहभागिता की।करीब 90 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा नीमच से नयागांव होते हुए राजस्थान के निंबाहेड़ा पहुंची। निंबाहेड़ा में रात्रि विश्राम के दौरान भक्ति रस से सराबोर भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ।जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। आज गुरुवार 5 फरवरी को अलसुबह पदयात्रा पुन: प्रारंभ हो गई है, जो दोपहर तक मंडफिया स्थित श्री सांवरिया सेठ के धाम पहुंचेगी, जहां दर्शन, पूजा-अर्चना,भोग-प्रसादी और विशाल भंडारे के साथ पदयात्रा का समापन होगा।पदयात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक,धार्मिक और समाजसेवी संस्थाओं द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत मंचों, धार्मिक नारों और फूलों की वर्षा से पूरा मार्ग भक्तिरस में सराबोर नजर आया। इस दौरान आयोजक अरुल अशोक अरोरा का भी अनेक संस्थाओं द्वारा पुष्पमालाएं, दुपट्टा, स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया,जिससे यात्रा का उत्साह और अधिक बढ़ गया।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों द्वारा पेयजल, अल्पाहार,विश्राम, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। एक मेडिकल टीम पूरे मार्ग में साथ चल रही है,वहीं यात्रा को सुव्यवस्थित रखने के लिए स्वयंसेवकों की टीमें तैनात की गई हैं।सांवरिया भक्त मंडल के सदस्यों ने बताया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी पदयात्रा को दिव्य और भव्य रूप देने का प्रयास किया गया है।पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, सेवा और अनुशासन के साथ यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था का अनुपम उदाहरण बन रही है। आयोजकों का दावा है कि इस वर्ष की पदयात्रा अपने व्यापक स्वरूप और जनसहभागिता के चलते एक नया इतिहास रचने जा रही है।

Next Post

दूषित पानी की शिकायतों पर फील्ड में उतरे निगम आयुक्त, वार्डो का किया निरीक्षण

Thu Feb 5 , 2026
रीवा। प्रशिक्षण अवकाश से वापस लौटे नगर निगम आयुक्त डा. सौरभ सोनवणे दूषित पानी की मिल रही शिकायत को लेकर मैदानी स्तर पर वार्डो का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान स्वयं पानी का सेम्पल एकत्र करने के साथ पाइप लाइन का मरम्मत अतिरिक्त टीम लगाकर कराने के निर्देश दिये. शहर […]

You May Like