
इंदौर. खजराना थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को एमडी ड्रग्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. देर रात दरगाह के पीछे खाली प्लॉट पर दबिश देकर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाखों की नशे की खेप बरामद की.
उप निरीक्षक सर्वेश राव फुके ने बताया कि आरोपी अल्फेज पिता अब्दुल रशीद खान उम्र 19 वर्ष निवासी स्कीम नंबर 134 के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी को देर रात 12:35 बजे दरगाह के पीछे स्थित खाली प्लॉट से पकड़ा. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8.8 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने नशे की सामग्री जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है. उससे यह पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं कि वह यह मादक पदार्थ कहां से लाया था और किन लोगों को सप्लाई करने वाला था.
