
भोपाल। गौतम नगर थाना पुलिस ने 12 साल के इब्राहिम की मौत की जांच करते हुए पाया है कि उसके पिता रिजवान ने ही घर में अवैध लोड पिस्टल छिपा कर रखी थी. इब्राहिम की मौत की खबर लगते ही रिजवान खांन ने घर में ही घटना स्थल से छेडछाड कर साक्ष्य मिटाने के प्रयास किया. पुलिस ने आरोपी रिजवान खान के पास अवैध पिस्टल .32 बोर जब्त कर ली है. आरोपी रिजवान खांन और वाहिद नूर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. रिजवान को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया.
पुलिस की जांच में सामने आया है कि रिजवान की अवैध लोड़ेड पिस्टल के चलते दुर्घटना वश इब्राहिम की मौत हो गई. आरोपी रिजवान के बहनोई वाहिद नूर ने अवैध पिस्टल, रिजवान को पहले से दी थी. वाहिद नूर पर बिलखिरिया थाने में मामला दर्ज है और आरोपी अभी फरार चल रहा है. इसके साथ आरोपी रिजवान के खिलाफ भी वन्य जीव संरक्षरण अधिनियम के तहत इंदौर में मामला दर्ज है, वह भी फरार चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक 31 जनवरी की रात गौतम नगर पुलिस को हमीदिया अस्पताल से सूचना मिली कि इब्राहिम नाम के बच्चे को गोली लगी है. इब्राहिम के चाचा रेहान ने घायल अवस्था में इलाज के लिये उसे भर्ती किया है. बच्चे के सिर पर लगी गोली के चलते इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच में जुटी. पुलिस ने घटना स्थल का फोरेसिंक टीम से निरीक्षण कराया और एफएसएल टीम की निगरानी में घटना स्थल से सबूत एकत्रित किये गए.
इब्राहिम के परिजनों ने पुलिस को बताया था कि घर की बालकनी में उसे अचेत अवस्था में पाया गया था. पुलिस की जांच में सामने आया है कि अवैध पिस्टल घर के कमरे में रेनोवेशन के काम के दौरान बच्चे के हाथ लगी और दुघर्टना वश बच्चे की मृत्यु हुई. आरोपी वाहिद नूर की तलाश में बिलखिरिया थाना पुलिस जुटी है.
