कराकस, 03 फरवरी (वार्ता) वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने सुश्री डेनिएला काबेलो को देश की नयी पर्यटन मंत्री नियुक्त किया है। यह नियुक्ति देश में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते राजनीतिक दबावों के बीच जारी मंत्रिमंडल फेरबदल का हिस्सा है।
सुश्री रोड्रिगेज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घोषणा करते हुए कहा, “मैं युवा काबेलो को पर्यटन मंत्री नियुक्त करने का निर्णय लेती हूं,।”उन्होंने निवर्तमान पर्यटन मंत्री लेतिसिया गोमेज़ के नेतृत्व के लिए उनका आभार जताया।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब कुछ सप्ताह पहले ही सुश्री रोड्रिगेज़ ने परिवहन, संचार और पर्यावरण एवं सामाजिक विभागों के लिए नये मंत्रियों की घोषणा की थी। सुश्री काबेलो को इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने वेनेजुएला के निर्यात और पर्यटन संवर्धन प्रयासों का नेतृत्व सौंपा था।
सुश्री काबेलो, सत्तारूढ़ यूनाइटेड सोशलिस्ट पार्टी ऑफ वेनेजुएला के महासचिव और शक्तिशाली गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो की पुत्री हैं। श्री डियोसदादो को मादुरो के बाद देश का दूसरा सबसे प्रभावशाली नेता माना जाता है, और उनका समर्थन रोड्रिगेज़ सरकार के लिए बेहद अहम समझा जा रहा है।
श्री डियोसदादो पर अमेरिका ने प्रतिबंध लगाए हुए हैं और उनकी गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी देने पर 2.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, उनकी बेटी काबेलो पर भी अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने प्रतिबंध लगाए हैं। ये प्रतिबंध श्री मादुरो के विवादित 2024 के पुनर्निर्वाचन का समर्थन करने और उसके बाद हुए विरोध प्रदर्शनों के दमन में समर्थन देने के आरोपों से जुड़े हैं।
सुश्री रोड्रिगेज़ ने ताजा मंत्रिमंडल बदलावों की घोषणा 2 फरवरी को टेलीग्राम के माध्यम से की थी।
