रूस से तेल खरीद रोकने, अमेरिका से आयात में भारी वृद्धि के लिए तैयार हुआ भारत: ट्रम्प

वाशिंगटन, 03 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से साथ टेलीफोन वार्ता के बाद कहा कि भारत अमेरिका से आयात में भारी वृद्धि करने, अमेरिकी सामानों पर आयात शुल्क “शून्य” करने तथा रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद करने पर सहमत हो गया है, और बदले में अमेरिका भारतीय उत्पादों पर “तत्काल प्रभाव से” आयात शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।

श्री ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर व्यापार समझौते की घोषणा करते हुए श्री मोदी को अपना “सबसे अच्छा मित्र” बताते हुए लिखा कि वह रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका, तथा संभवतः वेनेजुएला, से खरीद बढ़ाने पर सहमत हो गये हैं जिससे यूक्रेन युद्ध समाप्त करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि अमेरिका तत्काल प्रभाव से भारतीय उत्पादों पर प्रतिवर्ती आयात शुल्क 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। बदले में भारत “अमेरिकी उत्पादों पर आयात शुल्क और आयात बाधाओं को घटाकर शून्य” कर देगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि श्री मोदी इस बात पर सहमत हुए कि भारत ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य क्षेत्रों में 500 अरब डॉलर के अमेरिकी उत्पाद खरीदने के अलावा अमेरिका से आयात बढ़ायेगा।

अमेरिका की कृषि मंत्री ब्रूक रोलिंस ने इस समझौते की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इससे भारत के विशाल बाजार में अमेरिकी कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ेगा, जिससे दाम बढ़ेंगे और अमेरिका के ग्रामीण इलाकों में आमदनी बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि भारत के साथ कृषि व्यापार में साल 2024 में अमेरिका का व्यापार घाटा 1.3 अरब डॉलर था। अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारत की बढ़ती आबादी एक महत्वपूर्ण बाजार है और इस घाटे को कम करने में आज के व्यापार समझौते की दूरगामी भूमिका होगी।

Next Post

पिस्टल के साथ बदमाश पकड़ाया

Tue Feb 3 , 2026
जबलपुर: संजीवनी नगर पुलिस ने बहनदन पुल के पास सर्विस रोड में दबिश देकर एक बदमाश को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि बहनदन पुल के पास सर्विस रोड में अपराध करने की नीयत से घूम रहे नीरज पुरी गोस्वामी 40 वर्ष ग्राम भुआ बिछिया जिला […]

You May Like