सतना : शहर के प्रमुख देव स्थान जगतदेव तालाब स्थित शिव मंदिर और खेरमाई माता मंदिर सहित अन्य स्थान पर मंदिरों में हुई चोरी के बाद अब चोरों ने पन्ना नाका स्थित मां दुर्गा मंदिर को निशाना बनाया. मंदिर परिसर से 11 किलो वजनी घंटा, डीवीआर और एक साइकिल जैसा सामान चोरी हो गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.शहर के पन्ना नाक क्षेत्र में स्थित मां दुर्गा मंदिर की देखरेख करने वाले प्रदीप पाण्डेय जब सोमवार की सुबह मंदिर में पहुंचे तब उन्हें चोरी की घटना की जानकारी मिली.
बताया गया कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर के नीचे बने कमरे में धावा बोलते हुए वहां से 11 किलो वजनी घंटा, एक साइकिल चुरा ली. इसके साथ्थ ही मंदिर में सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी चुरा लिया गया. प्रदीप द्वारा घटना की शिकायत थाने में की गई है. जहां पर पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
पल्ला झाडऩे की भूमिका
शहर के जगतदेव तालाब, खेरमाई और राजेंद्र नगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने के बाद भी चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका. वहीं पिछले दिनों पन्ना पुलिस इस संबंध में कुछ आरोपियों को पकड़ा जा चुका है. वहीं अब सामने आई नई घटना से एक बार फिर से सवाल खड़े होने लगे. गौरतलब है कि चोरों को पकडऩे में नाकाम रहने के बाद सतना पुलिस द्वारा मंदिर के पुजारियों के साथ बैठक करते हुए मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था स्वयं करने के निर्देश दिए गए थे. जिसमें सुरक्षा गार्ड रखने, स्वयं निगरानी करने और आभूषणों को सुरक्षित स्थान पर रखने जैसी हिदायतें देते हुए पल्ला झाडऩे की कवायद की जा चुकी है.
