मॉस्को, 16 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका की सीनेट ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रखने से रोकने वाले प्रस्ताव को बुधवार को खारिज कर दिया है, जिससे युद्ध रोकने की कोशिश विफल हो गई है। इस पहल का 52 सीनेटरों ने विरोध किया जबकि 47 सीनेटरों ने इसका समर्थन किया।
यह वोट इस साल चौथी बार है जब सांसदों ने इसकी वैधता और दायरे को लेकर जताई गई चिंताओं के बावजूद औपचारिक मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल के युद्ध को जारी रखने की प्रभावी अनुमति दी है।
कुछ सीनेटरों ने एक स्पष्ट रणनीति की जरूरत को स्वीकार करते हुए बताया कि अमेरिकी कानून के तहत, कांग्रेस को 60 दिनों के भीतर सैन्य कार्रवाई को अधिकृत करना होता है और यह समय-सीमा इस महीने के अंत में पूरी होने वाली है। सांसदों ने चेतावनी दी कि संघर्ष को लंबा खींचने से अतिरिक्त लागत और अस्थिरता पैदा हो सकती है।
संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल ने ईरान में 28 फरवरी को हमले किए और जिससे नुकसान हुआ तथा आम नागरिकों की जानें गईं। ईरान ने इसके जवाब में इजरायल के इलाके और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए।
वाशिंगटन और तेहरान ने 7 अप्रैल को दो सप्ताह के लिए संघर्ष विराम की घोषणा की लेकिन इस्लामाबाद में हुई बातचीत बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई। फिर से लड़ाई हालांकि शुरू होने की कोई घोषणा नहीं की गई लेकिन अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी शुरू कर दी। मध्यस्थ बातचीत का एक नया दौर शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं।
