
ब्यावरा। गुना रोड पर स्थित डोबडा गांव के समीप बीती रात्रि का अज्ञात नकाबपोश लोगों द्वारा एक वेयर हाऊस पर चौकीदार को बंधक बनाकर वहां रखा गेहूं लूट ले जाने की घटना प्रकाश में आई है.
पुलिस के अनुसार डोबडा गांव के यहां सलूजा वेयर हाऊस पर बीती रात्रि 1 से 3 बजे के बीच चार अज्ञात लोग पहुंचे तथा चौकीदार को चाकू की नोंक पर धमकाते हुए कमरे में बंधक बना दिया तथा वेयर हाऊस से लगभग 30 बोरी गेहूं लेकर भाग निकले. अज्ञात लोगों के पास हथियार होने की बात कही जा रही है.
घटना की सूचना रात्रि में ही चौकीदार द्वारा वेयर हाऊस मालिक को दी. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तथा आरोपियों की तलाश शुरु कर दी. सिटी पुलिस द्वारा अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 309 (6) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है.
