इंदौर: धार रोड पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार वाहन का कहर सामने आया, जब अनियंत्रित टाटा 407 सड़क किनारे बनी एक दुकान में जा घुसी. हादसे में दो नाबालिगों समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक किशोर की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि हादसा नूरानी नगर के सामने सर्विस रोड पर हुआ. शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार टाटा 407 चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे दुकान में घुस गया. दुर्घटना धार रोड स्थित नट कॉलोनी क्षेत्र की बताई जा रही है.
हादसे में सर्विस सेंटर संचालक 60 वर्षीय सत्यनारायण पिता मूलचंद निवासी नट कॉलोनी सिरपुर, 55 वर्षीय हरीश पिता रामचंद्र निवासी द्वारकापुरी, 16 वर्षीय करण पिता दिलीप निवासी कालानी नगर और 15 वर्षीय युवराज पिता दीपक निवासी डायमंड पैलेस घायल हुए हैं. युवराज को गंभीर चोटें आई हैं. सभी घायलों को तत्काल वर्मा यूनियन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना स्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही थी और बैरिकेड्स भी लगे थे. आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक ने शराब का सेवन किया हुआ था. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. मामले में पुलिस ने टाटा 407 को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है, मामले की जांच कर रही है.
