सतना में नवनिर्मित आईएसबीटी बस स्टैंड से बस संचालन की सभी व्यवस्थायें पूर्ण

सतना :सतना शहर की बढ़ती यातायात समस्या, जनसंख्या घनत्व और विकेंद्रीकरण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सतना स्मार्ट सिटी फंड से निर्मित नए अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से बस संचालन की सभी व्यवस्थायें पूर्ण कर ली गई है। यह आधुनिक बस टर्मिनल शहर के भविष्य के विकास और मजबूत परिवहन व्यवस्था के अनुरूप तैयार किया गया है। नए आईएसबीटी में 46 बस बे एक साथ संचालित करने की क्षमता है, साथ ही 60 से अधिक बसों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है।

यात्रियों की सुविधा के लिए बैठक व्यवस्था, प्रतीक्षालय, पूछताछ कक्ष, पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट और वाहन पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की गई हैं। टर्मिनल में 46 दुकानें और 20 कमर्शियल स्पेस बनाए गए हैं, जहां व्यापारी अपना व्यवसाय संचालित कर सकेंगे। भूतल और प्रथम तल पर दो कैंटीन, महिला एवं पुरुषों के लिए दो-दो डॉरमेट्री, एक महिला आंचल कक्ष तथा तीन वेटिंग रूम जैसी अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो पुराने बस स्टैंड में नहीं थीं।

यात्रियों को बस स्टैंड से शहर में आसान आवागमन के लिए सिटी बस सेवा में वृद्धि और ऑटो किराया निर्धारण हेतु जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने आईएसबीटी के सुचारु क्रियान्वयन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एक समिति गठित की है। इस समिति में एसडीएम राहुल सिलाडिया, आरटीओ संजय श्रीवास्तव, डीएसपी ट्रैफिक संजय खरे और उपायुक्त नगर निगम सत्यम मिश्रा शामिल हैं।

Next Post

भारत और बंगलादेश ने 151 मछुआरों को भेजा वापस

Fri Jan 30 , 2026
नयी दिल्ली/ढाका, 30 जनवरी (वार्ता) भारत और बंगलादेश ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) को अनजाने में पार कर चुके मछुआरों की पारस्परिक रिहाई और स्वदेश वापसी की प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों ने कहा कि दोनों पक्ष इसे समुद्री सीमा संबंधी लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों […]

You May Like