बस संचालन संबंधी समस्यायें एवं अभ्यावेदन 6 फरवरी तक प्राप्त किये जायेंगे

सतना :म.प्र. मोटरयान नियम 1994 के नियम 204 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकारी रीवा संभाग बीएस जामोद ने सतना जिले में जबलपुर, मैहर, अमरपाटन, रीवा, शहडोल, सिंगरौली, भोपाल, छतरपुर, पन्ना, सलेहा, सिंहपुर, चित्रकूट, सेमरिया, बिरसिंहपुर इत्यादि शहरों की तरफ से आने एवं जाने वाले स्टेज कैरेज वाहनों में यात्रियों को बिठाने एवं उतारने के लिए जन सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की दृष्टि से बायपास स्थित सोनौरा में आईएसबीटी के नवीन बस स्टैण्ड को केन्द्रीय मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 177 के अंतर्गत बस स्टैण्ड अधिसूचित किया है।

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की 8 जनवरी को सतना कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रथम चरण में 15 जनवरी से आईएसबीटी से सतना से रीवा और मैहर, अमरपाटन रूट की बसों तथा सूत्रसेवा बसों का संचालन किया जायेगा। इसके साथ ही 10 जनवरी से खाली बसों को सड़कों के किनारे या पेट्रोल पम्प में पार्क नहीं करते हुए नवीन बस स्टैण्ड में निर्धारित स्थल पर पार्क की जायेगी। भविष्य में अन्य रूटों की बसों को भी आईएसबीटी के नये बस स्टैण्ड में पूरी तरह से शिफ्ट किया जायेगा। सडक सुरक्षा समिति के निर्णय के अनुसार सूत्र सेवा की बसों सहित रीवा, अमरपाटन, मैहर रूट की बसें आईएसबीटी से संचालित हो रही है।

अन्य रूटों की बसों को आईएसबीटी तक ले जाने की प्रक्रिया में कुछ व्यवहारिक समस्यायें प्रकाश में आने लगी है। सतना जिले के अन्य रूटों पर जाने वाली बसों को आईएसबीटी में शिफ्ट करने में हो रही समस्याओं एवं व्यवहारिक दिक्कतों के संबंध में लिखित अभ्यावेदन प्राप्त करने के लिए अपर कलेक्टर विकास सिंह की अध्यक्षता में पांच अधिकारियों की समिति की गठन किया गया है। जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह, एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, डीएसपी ट्रैफिक संजय खरे और डिप्टी कमिश्नर सत्यम मिश्रा को शामिल किया गया है।

यह समिति बस संचालकों एवं अन्य स्टेक होल्डर से पुराने बस स्टैण्ड को नये बस स्टैण्ड में स्थानांतरित करने में होने वाली कठिनाईयों के लिखित अभ्यावेदन 6 फरवरी तक प्राप्त करेगी और अभ्यावेदनों का परीक्षण कर अपने अभिमत के साथ अगली जिला सडक सुरक्षा समिति की बैठक में निर्णय के लिए प्रस्तुत करेगी। इस अवधि तक सड़क सुरक्षा समिति के निर्णय के अनुसार आईएसबीटी से प्रथम चरण के अनुक्रम में बसों का संचालन यथावत जारी रहेगा।

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क सुरक्षा समिति के निर्णय अनुसार कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने नगर निगम के अधिकारियों और आरटीओ को निर्देशित किया है कि बस स्टैण्ड के संचालन संबंधी आवश्यक सुविधाओं की पूर्ति के साथ ही 15 जनवरी से रीवा, अमरपाटन, मैहर की ओर जाने वाली बसों के संचालन में कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्हें व्यवहारिक सहयोग प्रदान किया जायेगा।

Next Post

विद्यार्थियों के आत्महत्या प्रवृत्ति की रोकथाम हेतु (DTF) समिति की बैठक

Fri Jan 30 , 2026
सतना :विद्यार्थियों में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति को रोकने के लिए सतना जिले में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गुरुवार को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सतना में डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स (DTF) समिति की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह ने की। […]

You May Like