सिंगरौली: सरई क्षेत्र में संचालित देशी-विदेशी शराब दुकानों पर प्रिंट एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विरोध और शिकायत के बावजूद इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र के कई गांवों में अवैध रूप से शराब की बिक्री और पैकारी भी जारी है। वहीं सरई स्थित शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की बात कही जा रही है। आरोप है कि अतिरिक्त राशि देने से इनकार करने पर ग्राहकों को शराब देने से मना कर दिया जाता है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से विक्रेता द्वारा प्रिंट रेट से अधिक पैसे मांगने का मामला दिखाई दे रहा है। वीडियो में ग्राहक द्वारा विरोध करने पर शराब वापस रखे जाने की बात भी सामने आ रही है।स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन का उपयोग नियमों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में आबकारी विभाग को कई बार मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक जांच या कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
