
ग्वालियर। बदमाशों ने ग्वालियर थाना क्षेत्र के किला गेट पर स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में आग लगा दी। बदमाश की करतूत यहीं नहीं रुकी और उसने क्षेत्र में एक कार को तोड़ दिया और आग लगा दी। स्थानीय पार्षद के पति की स्कार्पियों का कांच फोड़ दिया। एटीएम में आग लगने की जानकारी बैंक की टीम को मुम्बई से मिली। मौके पर पहुंची टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज देखे तो हाथ-पैर फूल गए, क्योंकि बदमाश पेट्रोल से आग लगाने के बाद काफी देर तक वहीं खड़ा रहा। बैंक की टीम जांच के बाद पुलिस के पास पहुंची और अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला कायम कराया। आग लगने की घटनाओं का पता चलते ही पुलिस एक्टिव हुई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आग लगाने तथा गाड़ियों में तोड़-फोड़ करने वाला नाबालिग है। किला गेट चौराहा पर एचडीएफसी बैंक का एटीएम लगा हुआ है। एक अज्ञात बदमाश एटीएम में पहुंचता है और इधर-उधर देखता है। बदमाश एटीएम के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा देता है। मशीन में आग लगते ही फायर अलर्ट चालू होता है और जानकारी सीधे मुम्बई स्थित मुख्यालय पहुंचती है। एटीएम में आग लगने की जानकारी ग्वालियर की टीम को मुम्बई से दी गई। आग लगने की सूचना मिलते ही टीम किला गेट पहुंची और जांच शुरु की। एटीएम में लगे सीसीटीवी में घटना देखने के बाद बैंक की टीम हतप्रभ रह गई। आग लगाने के बाद अज्ञात बदमाश एटीएम परिसर में ही खड़ा रहा। आग लगने के बाद जब काफी देर तक मशीन नहीं खुली तो बदमाश निकल कर भाग गया। बैंक कर्मी अविनाश यादव निवासी हनुमान कॉलोनी गोला का मंदिर ग्वालियर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बदमाश की बदमाशी यहीं नहीं रुकी और कुछ घंटे बाद वह पच्ची पाड़ा पहुंच गया। वहां घर के बाहर खड़ी शंकर सिंह तोमर की आर्टिगा कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। शंकर सिंह बाहर निकले तो उन्हें गालियां देने लगा। जब बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागा और वार्ड 13 की पार्षद ज्योति सिकरवार के पति और भाजपा नेता दिनेश सिंह सिकरवार की स्कार्पियो नम्बर एमपी 07 सीजी-3472 में तोड़-फोड़ कर दी। पत्थर मारने से स्कार्पियो का आगे का कांच तोड़ दिया। भाजपा नेता व उनके समर्थकों ने पकड़ने का प्रयास किया तो भाग गया।
