नरसिंहगढ़/ब्यावरा। नरसिंहगढ़ नगर पालिका परिषद के कर्मचारी मंगलवार से कामकाज बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये. कई माह से वेतन नहीं मिलने तथा अन्य मांगों को लेकर कर्मचारियां ने हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया. जानकारी के अनुसार बीते तीन माह से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है. साथ ही अतिरिक्त जीपीएफ, एपीएफ की कटौती राशि भी बकाया होना बताया जाता है, जो उन्हें नहीं मिली है.
कर्मचारियों ने नपा प्रांगण में धरना प्रदर्शन करते हुए कहा है कि पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनका घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. कई बार शिकायत करने के बावजूद वरिष्ठ अधिकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है. जब भी वेतन की बात की जाती है, तो अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों को वसूली कर लाने की बात कहकर टाल दिया जाता है, वसूली करने के बाद भी उन्हें वेतन नहीं मिल पा रहा है. इसी कारण उन्हें मजबूरन कलम बंद हड़ताल करना पड़ रहा है.
प्रत्येक माह समय पर मिले वेतन
कर्मचारियों की मांग है कि हर माह समय पर वेतन मिलना चाहिए. इनका कहना है कि जब तक दिसम्बर तक का बकाया वेतन नहीं मिल जाता हड़ताल जारी रहेगी. जल्द ही वेतन भुगतान की मांग की है. यदि प्रशासन समय पर वेतन भुगतान करना सुनिश्चित करता है तो हड़तल समाप्त की जा सकती है. 50 से 60 कर्मचारी हड़ताल पर है.
आर्थिक संकट से गुजरना पड रहा
कर्मचारियों का कहना है कि इतने लम्बे समय तक वेतन नहीं मिलने से भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. घर का खर्च चलाना, बच्चों के स्कूल की फीस सहित रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है.
मुख्य गेट पर धरना
कर्मचारियों के द्वारा नपा कार्यालय के यहां धरना दिया जा रहा है. समय पर वेतन का भुगतान करने की मांग करते हुए नारेबाजी की जा रही है. हड़ताल के कारण कामकाज ठप्प होने से आमजन को भी नपा संबंधी कार्य नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
चार दिन से नहीं हो रहे नपा के कार्य
शनिवार, रविवार अवकाश होने तथा सोमवार को गणतंत्र दिवस के चलते कामकाज नहीं हो सका और मंगलवार को कर्मचारी हड़ताल पर चले गये. इस तरह चार दिन से नगर पालिका का कामकाज ठप्प है. नपा में आने वाले हितग्राहियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल नपाकर्मियो ने शीघ्र वेतन भुगतान की कार्रवाई नहीं होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही है.
