अंडर-19 विश्वकप: अमेरिका ने स्कॉटलैंड को सात विकेट से हराया

हरारे, 26 जनवरी (वार्ता) ऋत्विक अप्पिडी ने (चार विकेट) और रायान ताज (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद अदनित झांब (नाबाद 116) की शतकीय और कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव (एक विकेट और 52 रन) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अमेरिका ने सोमवार को अंडर-19 विश्वकप के 16वें मुकाबले में स्कॉटलैंड को 68 गेंदे शेष रहते सात विकेट से जीत दर्ज की।

236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका के लिए अमरिंदर गिल और साहित गर्ग की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े। साहित गर्ग (16) और अमरिंदर गिल (35) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद अदनित झांब और कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 129 रन जोड़कर अपनी टीम के जीत सुनिश्चित की। 37वें ओवर में तीसरे विकेट के रूप में उत्कर्ष श्रीवास्वत 52 रन पर आउट हुये। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। अमेरिका ने 38.4 ओवरों में तीन विकेट पर 239 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम किया। अदनित झांब ने 93 गेंदों में 17 चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 116 रनों की पारी खेली।

स्कॉटलैंड के लिए ओली जोन्स ने दो विकेट लिये। मनु सारस्वत ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां इससे पहले थियो रॉबिन्सन (83) और मनु सारस्वत (41) की शानदार पारियों के दम पर स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 236 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। ओली पिलिंगर और थियो रॉबिन्सन की सलामी जोड़ी ने स्कॉटलैंड के लिए पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े। 10वें ओवर में रायान ताज ने ओली पिलिंगर (23) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। दूसरे विकेट के रूप में रोरी ग्रांट (10) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद मनु सारस्वत ने थियो रॉबिन्सन की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 89 रन जोड़े। 34वें ओवर में ऋत्विक अप्पिडी ने शतक की ओर बढ़ रहे थियो रॉबिन्सन को आउट कर स्कॉटलैंड को बड़ा झटका दिया। थियो रॉबिन्सन ने 101 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए 83 रनों की पारी खेली। अगली ही गेंद पर मैक्स चैपलिन बिना खाता खोले ही रनआउट हो गये। ओली जोन्स (चार), कप्तान थॉमस नाइट (13), फिनले जोन्स (10), जेक वुडहाउस (28) रन बनाकर आउट हुये। 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर उत्कर्ष श्रीवास्तव ने श्रेयस टेकाले (सात) को आउट किया।

अमेरिका की ओर से ऋत्विक अप्पिडी ने चार विकेट लिये। रायान ताज को तीन विकेट मिले। शिव शनि और उत्कर्ष श्रीवास्तव ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

 

 

Next Post

हैदराबाद तूफान ने पुरुष हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025-26 में कांस्य पदक जीता

Mon Jan 26 , 2026
भुवनेश्वर, 26 जनवरी (वार्ता) हैदराबाद तूफान ने सोमवार को रोमांचक मुकाबले में एचआईएल जीसी को 4-3 से हराकर पुरुष हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में तीसरा स्थान हासिल किया। आज यहां कलिंगा हॉकी स्टेडियम में तीसरे और चौथे स्थान के लिए खेले गये मुकाबले में अमनदीप लाकरा ने (30वें, 53वें) […]

You May Like