
सिंगरौली । माजन मोड़ से नवजीवन बिहार शहर का मॉडल रोड की फिर से खुदाई शुरू हो गई है। सीएनजी वॉल्व चेम्बर के आड़ में ठेकेदार सड़क को खोद रहा है। अब सवाल उठ रहा है कि कितनी बार शहर की सड़क खोदी जाएगी। दरअसल जून महीने के दूसरे सप्ताह में जिले के प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके का सिंगरौली दौरा हुआ था। जहां कलेक्ट्रोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक में मॉडल सड़क के तहस-नहस का मुद्दा जोर-शोर से सदर विधायक रामनिवास शाह के द्वारा उठाया गया। प्रभारी मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ-साथ जिला प्रशासन तथा अमृत-2 पाइप लाइन एवं सीवरेज तथा गैस पाइप लाइन के ठेकेदारों को सख्त लहजे में हिदायत देते हुये कहा गया था कि 15 दिवस के अंदर मॉडल सड़क में तोड़फोड़ कर जो भी कार्य कर रहे हैं, उसे पूर्ण कर लें। इसके बाद मॉडल सड़क की तोड़फोड़ नही होने दिया जाएगा। प्रभारी मंत्री के उक्त निर्देश के बावजूद शहर के मॉडल सड़क की खुदाई, तोड़फोड़ करने का कार्य अभी भी चल रहा है। बताया जा रहा है कि सीएनजी के वॉल्व चेम्बर बनाने के लिए मॉडल सड़क के अलावा कुल 6 स्थानों में खुदाई करनी है। अभी तीन स्थानों पर खुदाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया। कलेक्ट्रेट के सामने, मस्जिद एवं अम्बेडकर चौक के आगे, कंचनी-चौहान शीतगृह के समीप, आहुजा पेट्रोल पम्प के पास एवं निगाही तिराहा पर चेम्बर लगाया जाएगा। अभी तीन स्थानों में वॉल्व चेम्बर लगाने का कार्य किया जा रहा है। शहरवासियों का कहना है कि यदि लगातार बारिश न होती तो मॉडल सड़क के डामरीकरण का कार्य पूर्ण हो गया होता, तो क्या फिर संविदाकार सड़क को तहस-नहस करता। गनीमत रही कि बारिश के चलते सड़क डामरीकरण का कार्य नही हो पाया, वरना ठेकेदार फिर से सड़क को तहस-नहस करता।
डामरीकरण कार्य कराने का शीघ्र निर्देश
माजन मोड़ से लेकर नवजीवन बिहार तिराहा तक शहर का मॉडल सड़क के कार्य को अतिशीघ्र आरंभ कराने के लिए कलेक्टर का भी निर्देश है। पिछले दिन सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निगमायुक्त को निर्देशित किया है कि शीघ्र ही सड़क का डामरीकरण का कार्य आरंभ करें। यहां बताते चले कि मॉडल सड़क के क्षतिग्रस्त होने के बाद डीएमएफ से करीब 9 करोड़ रूपये की मंजूरी मिली है। यह मंजूरी मई-जून महीने में मिली थी। किंतु बारिश के चलते डामरीकरण का कार्य शुरू नही किया जा सका।
ठेकेदार ने दो महीने के लिए मांगा था वक्त
सीएनजी गैस पाइप ठेकेदार के स्टाफ ने बताया कि बारिश के चलते सीएनजी वॉल्व चेम्बर का कार्य बंद कर दिया गया था और बारिश जैसे ही थमी है, वॉल्व चेम्बर का कार्य शुरू करा दिया गया है। शहरी क्षेत्र में छ: स्थानों पर वॉल्व चेम्बर बनाने जाने हैं। तीन वॉल्व चेम्बर का कार्य प्रगति पर है। शेष तीन वॉल्व चेम्बर का कार्य कराया जाना है। उसने यह भी बताया कि बारिश को देखते हुये नगर निगम को पत्र देकर दो महीने तक के लिए वक्त मांगा गया था, इसके लिए कार्य में तेजी आए, हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
