सबरीमला सोना चोरी मामले में ईडी को आरोपियों के बयान सौंपेगी एसआईटी

कोझिकोड, 26 जनवरी (वार्ता) केरल के सबरीमला में कथित सोना चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने केंद्रीय एजेंसी के कहने पर मामले में दर्ज बयान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को सौंपने का फैसला किया है।

धन शोधन के मामले में जांच कर रही ईडी को आरोपियों और गवाहों के बयान सौंपे जाएंगे। ईडी के अधिकारी मंगलवार को एसआईटी कार्यालय में जाकर जांच टीम से चर्चा करेंगे और आवश्यक बयान हासिल करेंगे।

एसआईटी प्रमुख एच वेंकटेश ने बताया कि ईडी ने पहले आरोपियों और गवाहों के बयान उन्हें देने का अनुरोध किया था। अगर उन्हें दस्तावेज नहीं दिये गये तो एक और कानूनी विवाद हो सकता था। एसआईटी प्रमुख ने कहा कि उन्होंने ऐसे विवाद से बचने का फैसला किया है।

गौरतलब है कि ईडी ने 20 जनवरी को सबरीमला सोना लूट मामले में संभावित धन शोधन लेन-देन की जांच के तहत बड़े पैमाने पर सभी आरोपियों के घरों और संबंधित ठिकानों पर छापे मारे हैं।

इसमें केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में 21 जगहों पर तलाशी ली गयी। इन छापों में बेंगलुरु और तिरुवनंतपुरम में मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी, त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (टीडीबी) के पूर्व अध्यक्ष ए पद्मकुमार और एन वासु से जुड़े ठिकानें शामिल हैं।

ईडी ने आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी की लगभग 1.3 करोड़ रुपये की आठ अचल संपत्ति जब्त कर दी है।

Next Post

पाकिस्तान के लिये जासूसी करने के आरोप में एक गिरफ्तार

Mon Jan 26 , 2026
जैसलमेर, 28 जनवरी (वार्ता) राजस्थान में जैसलमेर के सांकड़ा थाना क्षेत्र में खुफिया पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। राजस्थान अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के महानिरीक्षक विष्णुकांत ने सोमवार को बताया कि सीआईडी के खुफिया अधिकारी राज्य में जासूसी गतिविधियों […]

You May Like

मनोरंजन