
सीधी। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी.पी. पाण्डेय की अध्यक्षता में किया गया। आयोजन का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों को मताधिकार के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मतदाता शपथ के साथ हुई, जिसमें उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदारीपूर्ण मतदान करने की शपथ ली। इसके पश्चात मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का संदेश प्रदर्शित किया गया, जिसमें लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका एवं सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी.पी. पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति मतदाता में निहित होती है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान ही एक सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश के लोकतांत्रिक तंत्र को मजबूत बनाए। अपर कलेक्टर ने नवीन मतदाताओं से आह्वान करते हुए कहा कि युवा वर्ग की सक्रिय सहभागिता से ही लोकतंत्र का भविष्य सुदृढ़ होगा। उन्होंने युवाओं को स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक नैतिक कर्तव्य है। प्रत्येक मत राष्ट्र के विकास, सुशासन एवं सामाजिक न्याय की दिशा तय करता है, अत: सभी मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने विवेक से मतदान करें। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों से लोकतंत्र की मजबूती हेतु सतत प्रयास करने तथा आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मतदाता जागरूकता को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गायन एवं स्किट के माध्यम से प्रेरक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता को प्रभावी रूप से दर्शाया गया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, मझौली आरपी त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
ईपिक कार्ड का किया गया वितरण
इस अवसर पर नवीन मतदाताओं को ईपिक कार्ड (मतदाता परिचय पत्र) का वितरण किया गया, जिससे युवाओं में मतदान के प्रति उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली। साथ ही महाविद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
