छतरपुर। नगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नई ईदगाह के पास चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 7 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 24 जनवरी को की गई, जिसकी जानकारी सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने दोपहर करीब 2 बजे दी।
पुलिस को सूचना मिल रही थी कि नई ईदगाह के आसपास लंबे समय से खुलेआम जुआ खेला जा रहा है, जिससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। सूचना के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और लगभग 7 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम बताया है।
