
मुरैना। महात्मा ज्योतिबा राव फुले और माता सावित्रीबाई फुले ने सर्वसमाज के लिए शिक्षा की अलख जलाई। उन्होंने बेटों के साथ-साथ बेटियों को भी पढ़ने पर जोर दिया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को हम भुला नहीं सकते हैं, क्योंकि शिक्षा से ही समाज और व्यक्ति की उन्नति और विकास का रास्ता खुलता है। यह बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने शनिवार को मुरैना के जौरा में मंडी प्रांगण में माता सावित्रीबाई फुले की 195 जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
सांसद कुशवाह ने कहा कि महात्मा ज्योतिबाराव फुले और माता सावित्रीबाई फुले के योगदान को देखते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से घोषणा की कि महात्मा ज्योतिबा राव फुले की 200 वीं जयंती देश भर में धूमधाम से मनाई जाएगी। साल भर सरकार कार्यक्रम आयोजित करेगी। साथ ही प्रदेश सरकार ने उनकी जीवनी को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया है। इस दौरान सांसद कुशवाह ने समाज के लोगों से अपील की कि वह बेटा और बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाएं, संगठित होकर समाज हित में कार्य करें।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की बदायूं से पूर्व सांसद श्रीमती संघमित्रा मौर्य, राजस्थान धौलपुर से विधायक श्रीमती शोभारानी कुशवाह, पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, पूर्व विधायकगण सबलगढ़ बैजनाथ कुशवाह, जौरा के सोनेराम कुशवाह, सुमावली के अजब सिंह कुशवाह, मुरैना भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह , दतिया जिला अध्यक्ष रघुबीर सिंह कुशवाह, जिला अध्यक्ष अखिल भारतीय कुशवाह महासभा मुरैना गिर्राज सिंह कुशवाह, कार्यक्रम आयोजक जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा मुरैना रवि कुशवाह, सरवेंद्र सिंह कुशवाह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मुरैना श्रीमती ममता कुशवाह, पूर्व जनपद अध्यक्ष फूलसिंह कुशवाह, बाबा फुलगिरी महाराज, समाज के वरिष्ठगण, जनप्रतिनिधि एवं माताएं- बहनें उपस्थित रही।
