यात्रियों को भारी दिक्कत: मुंबई, गोंदिया और दिल्ली रूट की उड़ानें अचानक रद्द

इंदौर. देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर कई उड़ानें निरस्त होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. मुंबई, गोंदिया और दिल्ली रूट की उड़ानें अचानक रद्द किए जाने से एयरपोर्ट पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई और नाराज यात्रियों ने विरोध भी जताया.

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक इंदौर मुंबई गोंदिया सेक्टर पर संचालित होने वाली एक निजी एयरलाइन की सभी चार उड़ानें एक साथ निरस्त कर दी गईं. कंपनी की ओर से यात्रियों को केवल ऑपरेशनल कारण बताकर संतोष किया, जबकि किसी ठोस वजह की जानकारी नहीं दी गई. बताया जा रहा है कि यह सेवा 15 जनवरी से शुरू हुई थी और नियमित रूप से संचालित हो रही थी. फ्लाइट निरस्त होने की जानकारी मिलने पर टिकट बुक करा चुके यात्रियों में नाराजगी फैल गई. कई यात्रियों ने एयरपोर्ट पर आपत्ति जताई, जिसके बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने रिफंड और वैकल्पिक बुकिंग का आश्वासन देकर स्थिति संभाली.

सबसे अधिक परेशान गोंदिया जाने वाले यात्री हुए

गोंदिया जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हुई, क्योंकि इस रूट पर इंदौर से कोई अन्य सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है. इधर, दिल्ली रूट पर भी यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हुईं. राष्ट्रीय राजधानी से इंदौर आने-जाने वाली चार उड़ानें लगातार छठे दिन भी रद्द रहीं. ये उड़ानें 21 जनवरी से निरस्त चल रही हैं. अधिकारियों के अनुसार गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में होने वाले एयर शो की तैयारियों के चलते हवाई यातायात पर अस्थायी रोक लगाई गई है. 27 जनवरी से उड़ानों के दोबारा शुरू होने की संभावना जताई गई है.

Next Post

पुलिस ने नदी घाट पर दबिश देकर मिनी ट्रक जब्त किया, आरोपी गिरफ्तार

Sat Jan 24 , 2026
सीधी। अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस ने नदी घाट में दबिश देकर मिनी ट्रक टाटा 407 जब्त किया।माफियाओं के विरुद्ध कार्यवाही जारी है। ​पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में खनिज माफियाओं के विरुद्ध […]

You May Like