शिवपुरी: शिवपुरी के प्रख्यात न्यायविद, वरिष्ठ अधिवक्ता और लोकतंत्र सेनानी उत्तमचंद जैन का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। स्थानीय मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस बल ने मातमी धुन बजाते हुए पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम सलामी दी। इस अवसर पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, न्यायिक जगत की हस्तियां, जनप्रतिनिधि, अभिभाषक संघ के पदाधिकारी, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
अंत्येष्टि में कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी और पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। वरिष्ठ अभिभाषक उत्तमचंद जैन को मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र निर्जय जैन और नाती सोमेश जैन ने दी। वरिष्ठ अधिवक्ता जैन एक कुशल वकील होने के साथ-साथ लोकतंत्र सेनानी भी थे। जून 1975 में देश में आपातकाल के दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए दो माह की जेल यात्रा की थी।मीसाबंदी लोकतंत्र सेनानी के रूप में उन्हें 26 जनवरी 2018 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ताम्रपत्र से सम्मानित किया गया था।
