सतना: स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में 26 जनवरी के आयोजन की पीटी और परेड की रिहर्सल के दौरान दो स्कूली छात्राएं बेहोश हो गईं। जबकि इसी दौरान एक छात्र गिरकर चोटिल हो गया। मैदान पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर 12 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में हुई। घटना के बाद स्कूल स्टाफ ने बच्चों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वे अपने घर चले गए।
बेहोश हुई छात्राओं में से एक एकेडमिक हाइट्स स्कूल की थी, जबकि चोटिल छात्र सरस्वती स्कूल, केशव नगर, धवारी का बताया गया है। गौरतलब है कि 26 जनवरी की तैयारियों को लेकर हाल ही में हुई विभागों की संयुक्त बैठक में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने चिकित्सा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि पुलिस परेड ग्राउंड में एक एम्बुलेंस और चिकित्सा स्टाफ मौजूद रहेगा। हालांकि, कलेक्टर के आदेश के बावजूद मौके पर न तो एम्बुलेंस थी और न ही कोई चिकित्सा टीम।
बाद में पहुंची एंबुलेंस
बच्चों के बेहोश होने और चोटिल होने की जानकारी सोशल मीडिया पर फैलने के बाद जब तक पुलिस परेड ग्राउंड में एम्बुलेंस भेजी गई, तब तक घायल बच्चे इलाज के बाद अपने घर पहुंच चुके थे। संभावना जताई गई कि तेज धूप और गर्मी के कारण बच्चों को ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
