इंदौर:शादी तुड़वाने की नीयत से युवती को मानसिक दबाव में लेने और परिवार को डराने वाला सिरफिरा आशिक आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया. आरोपी युवती के फोटो जलाकर लव लेटर के साथ पोस्ट से भेज रहा था और मोहब्बत में मरने जैसी धमकियां देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था.मामला थाना खजराना क्षेत्र का है. यहां 25 अक्टूबर 2025 को एक महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी बेटी के नाम से आत्महत्या जैसी बातें लिखकर पत्र भेज रहा है.
पत्रों में युवती के फोटो जलाकर लगाए जा रहे थे और परिवार को मानसिक, शारीरिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की जा रही थी. शिकायत में यह भी सामने आया कि आरोपी किसी भी तरह युवती की तय शादी तुड़वाना चाहता था. इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए थाना प्रभारी खजराना के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी.
पुलिस जांच में पीड़िता का फुफेरा भाई ही निकला आरोपी
मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, गोपनीय सूचनाएं जुटाईं और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की पहचान की. जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि पीड़िता का फुफेरा भाई निकला, जो अपने मामा की बेटी को बदनाम कर उससे जबरन नजदीकी बनाना चाहता था. आरोपी की पहचान साजिद पिता मोहम्मद सलीम अंसारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी मंसब नगर खजराना के रूप में हुई है. वह आठवीं तक पढ़ा है और रेफ्रिजरेटर रिपेयर का काम करता है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसने ब्लैकमेलिंग और पत्र भेजने की बात कबूल की है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है
