धर्म -आस्था और संस्कृति स्थल पर देशभक्ति का छाएगा उल्लास

उज्जैन: मोक्षदायिनी मां शिप्रा के पावन तट पर इस वर्ष गणतंत्र दिवस का आयोजन ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप में होने जा रहा है. 26 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्तिक मेला मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे. धर्म, दर्शन और अध्यात्म की भूमि उज्जैन में राष्ट्र के इस महापर्व का आयोजन जन-जन में विशेष उत्साह का संचार करेगा.शिप्रा तट का कार्तिक मेला मैदान परंपराओं से जुड़ा हुआ स्थल है. यहां प्रतिवर्ष कार्तिक मेला चकरी-झूले, गीत संगीत की निशाएं, कवि सम्मेलन, तथा दशहरे पर भव्य रावण दहन जैसे आयोजन होते रहे है ,अब यहां पर राष्ट्रीय पर्व का आयोजन होगा.

प्रधानमंत्री के बाद मुख्यमंत्री का आयोजन
इसी ऐतिहासिक मैदान पर 11 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल सभा भी आयोजित हो चुकी है. अब इसी स्थल पर गणतंत्र दिवस मनाया जाना उज्जैन के लिए गौरव का विषय है. प्रधानमंत्री महाकाल लोक का लोकार्पण करने आए थे तब उनकी सभा इस स्थल पर हुई थी.

धार्मिक प्राकृतिक सौंदर्य के बीच तिरंगा
मां शिप्रा के तट पर परंपरा अनुसार महाकुंभ (सिंहस्थ) का आयोजन होता है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए आते हैं. बहती शिप्रा नदी, खुला और सुलभ मैदान तथा प्राकृतिक सौंदर्य के बीच जब तिरंगा फहरेगा, तब धार्मिक, सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा.

कलेक्टर एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर रोशन सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने सोमवार शाम कार्तिक मेला मैदान का निरीक्षण किया. कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, मंच व बैठक का प्रोपर लेआउट सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन, दीवारों व रेलिंग की रंगाई-पुताई आवश्यक सौंदर्यीकरण, विद्यालयों के चयन एवं विशेष भोज व्यवस्था के निर्देश दिए.

ट्रैफिक प्लान बनेगा
वहीं एसपी शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुचारु आवागमन व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए. निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, प्रभारी नगर निगम आयुक्त संतोष टैगोर, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर, एएसपी आलोक शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

राष्ट्रभक्ति की नई अनुभूति
शिप्रा तट पर गणतंत्र दिवस का आयोजन आमजन के लिए सहज और सुलभ रहेगा. नदी किनारे आकर लोग जहां आध्यात्मिक शांति का अनुभव करते हैं, वहीं इस अवसर पर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा और गौरव का भी साक्षात्कार होगा. धर्म और राष्ट्रभक्ति के इस दुर्लभ संगम के साक्षी बनने के लिए उज्जैनवासी उत्साहित हैं.

Next Post

शहर चार फ्लाईओवर्स का निर्माण जून तक पूरा करने के निर्देश

Tue Jan 20 , 2026
इंदौर: शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन पुलों का आज कलेक्टर ने दौरा किया. दौरे के दौरान उन्होंने निर्माण में बाधक अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए. साथ ही निर्माण कार्य से जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखने के आदेश दिए. मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारी […]

You May Like