भू-अर्जन में विलंब देख कलेक्टर ने लगाई फटकार

सीहोर।जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर बालागुरू के ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के समय पर एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण नहीं होने पर कड़ा रुख अपनाया है.

उन्होंने नेशनल हाईवे परियोजना के लिए भू-अर्जन की कार्रवाई में हो रहे विलंब पर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि भू-अर्जन में देरी के कारण परियोजनाओं की शुरुआत प्रभावित हो रही है, जिससे आम जनता को सुविधाएं मिलने में अनावश्यक विलंब हो रहा है. इस कार्य में आपसी समन्वय के साथ आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए. उन्होंने रेलवे एवं नेशनल हाईवे परियोजनाओं के लिए आवश्यक भू-अर्जन की कार्रवाई जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और जनता को जल्द लाभ मिल सके.

कलेक्टर ने जिलेभर में जल सुनवाई आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति, जलस्तर, हैंडपंप, नल-जल योजना सहित अन्य जल संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निराकरण किया जाए.

कलेक्टर बालागुरू के ने शासकीय उचित मूल्य दुकानों से राशन वितरण की समीक्षा के दौरान राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध एवं अपात्र हितग्राहियों के नाम सूची से हटाए जाएं. उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना के तहत खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाएं.

कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने भावान्तर भुगतान योजना के तहत सोयाबीन की खरीदी के लिए निर्धारित अंतिम तिथि तक की गई समस्त खरीदी की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.

 

Next Post

वाहन फिटनेस कराने अब जाना पड़ेगा दूर

Tue Jan 20 , 2026
सीहोर। जिले सहित प्रदेश के कई जिलों के आरटीओ कार्यालयों में वाहन फिटनेस जांच और फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने की व्यवस्था अचानक बंद हो जाने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है. ऐसे में अब ऑटो, टैक्सी, बस और ट्रक जैसे व्यावसायिक वाहनों को फिटनेस कराने के लिए भोपाल […]

You May Like