नयी दिल्ली, 19 जनवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये जबकि गेहूं की कीमतों में नरमी रही। चीनी और दालों के दाम भी बढ़े। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 86 रुपये बढ़कर 3,848 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 18 रुपये टूटकर 2,857 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत भी 24 रुपये घट गयी।
दाल-दलहनों में तेजी का रुख रहा। तुअर दाल की औसत कीमत 200 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मसूर दाल 150 रुपये और चना दाल 144 रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुई। मूंग दाल 97 रुपये और उड़द दाल 38 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा तीन रिंगिट गिरकर 4,069 रिंगिट प्रति टन रह गया।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल औसतन 36 रुपये और वनस्पति 25 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। वहीं, पाम ऑयल में 130 रुपये और सरसों तेल में 61 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही। सोया तेल 45 रुपये और सूरजमुखी तेल 33 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 50 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। चीनी भी 17 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
