नयी दिल्ली, 25 मई (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) ने एक से 24 मई के बीच पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में ज्यादा पेट्रोल और डीजल की बिक्री की है।
कंपनी ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस महीने 24 मई तक उसकी पेट्रोल की खुदरा बिक्री 7.36 लाख टन रही, जो पिछले साल की इसी अवधि के सात लाख टन से पांच प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार, डीजल की खुदरा बिक्री सात फीसदी बढ़कर 14.27 लाख टन पर पहुंच गयी। पिछले साल एक से 24 मई के बीच उसने 13.35 लाख टन डीजल बेचे थे।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुछ क्षेत्रों में ज्यादा ग्राहक आ रहे हैं। इसका कारण मौसमी कृषि मांग, कटाई गतिविधियों के दौरान डीजल की बढ़ती आवश्यकता, तथा कुछ निजी रिटेल आउटलेट और संस्थागत/ व्यावसायिक उपभोक्ताओं का एचपीसीएल के रिटेल आउटलेट की ओर रुख करना है। बढ़ी मांग के बावजूद कंपनी ने निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की है। एचपीसीएल ने एक से 24 मई के बीच देशभर में 277 लाख एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी की। साथ ही, पांच किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडरों की 5,27,928 इकाई और दो किलोग्राम वाले सिलेंडरों की 26,145 इकाई की आपूर्ति की गयी। पांच किलोग्राम वाले सिलेंडरों को बढ़ावा देने के लिए बाजारों और सामुदायिक स्थानों पर 2,652 शिविर आयोजित किये गये, ताकि स्वच्छ रसोई ईंधन तक पहुंच को और मजबूत किया जा सके।
कंपनी ने बताया कि लगभग 99.3 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग ऑनलाइन हुई, जिससे तेज आवंटन, रियल-टाइम ट्रैकिंग और बेहतर उपभोक्ता सुविधा सुनिश्चित हुई। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नेटवर्क में सतर्कता और निगरानी को भी मजबूत किया गया। कंपनी ने एक से 24 मई के बीच 1,174 निरीक्षण किये और 48 वितरकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
