
खिलचीपुर। खिलचीपुर में शुक्रवार दोपहर भैंस लेकर जा रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार 64 वर्षीय राम प्रसाद वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 7 वर्षीय पोते वंशराज वर्मा का एक पैर टूट गया. दोनों बाइक से खिलचीपुर स्थित देवस्थान पर दर्शन करने जा रहे थे. हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोडक़र भाग गया. ओढ़पुर गांव निवासी राम प्रसाद वर्मा अपने पोते वंशराज के साथ बाइक से खिलचीपुर जा रहे थे. इसी दौरान भैंस लेकर जा रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस दोनों को खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने राम प्रसाद वर्मा को मृत घोषित कर दिया. वंशराज को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया. पुलिस ने पिकअप जब्त कर ली है.
अज्ञात वाहन ने बुजुर्ग को टक्कर मारी
सारंगपुर 17 अक्टूबर, सं. नगर में एबी रोड पर नेनवाड़ा जोड़ के पास शनिवार शाम करीब 4 बजे अज्ञात वाहन ने सडक़ पार कर रहे 72 वर्षीय दशरथ को टक्कर मार दी. जिसमें उनके पैर की हड्डी टूट गई और सिर में गंभीर चोट आई. डायल 112 की टीम उन्हें सिविल अस्पताल सारंगपुर ले गई. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शाजापुर रेफर किया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दशरथ पिता भंवर लाल मांग्याखेड़ी गांव से नेनवाड़ा गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम में खाना खाने के बाद वे वापस लौट रहे थे. इसी दौरान नेनवाड़ा जोड़ के पास एबी रोड पार करते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में दशरथ गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया.
