देश में अशांति बढ़ने पर रजा पहलवी ने ईरान लौटने का किया वादा

तेहरान, 19 जनवरी (वार्ता) ईरान के अंतिम शाह के निर्वासित बेटे रजा पहलवी ने कहा है कि इस समय ईरान में ‘कब्जे और आजादी’ को लेकर लड़ाई चल रही है और वह देश के लोगों की भावनाओं को समझते हुए वापस लौटेंगे। श्री पहलवी ने एक वीडियो संदेश में ईरानियों को संबोधित करते हुए आगे कहा “ईरानी लोगों ने मुझे नेतृत्व करने के लिए बुलाया है। मैं ईरान लौटूंगा।” गौरतलब है कि बाजार में देश की करेंसी रियाल की कीमत कम होने को लेकर 28 दिसंबर 2025 को तेहरान में जो प्रदर्शन शुरू हुआ था, वह तेजी से पूरे देश में फैल गया और सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
सर्वोच्च नेता अली खामेनेई ने शनिवार को स्वीकार किया कि अशांति में ‘कई हजार’ लोग मारे गए हैं और इसका जिम्मेदार अमेरिका और इजरायल हैं। सरकार ने प्रदर्शनकारियों की मुश्किलों को माना है और बढ़ती आर्थिक दिक्कतों को दूर करने का वादा किया है, लेकिन यह भी कहा है कि सरकारी इमारतों पर हमले वाले प्रदर्शनों को बाद में प्रशिक्षित और हथियारबंद ‘आतंकवादियों’ और विदेशी ताकतों ने कब्जा कर लिया।

ईरान में की मौजूदा स्थिति को देखते हुए लोकतंत्र समर्थक श्री पहलवी ने इस्लामिक गणराज्य की नीति से मुक्त देश के लिए एक नयी योजना पेश की है जिसमें शांति, खुशहाली और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ सहयोग का वादा किया गया है। उन्होंने कहा, “ईरान के लोगों को सड़कों और उनके घरों में एक ऐसी शासन व्यवस्था (सत्ता) मार रही है जो तनिक भी रहम नहीं दिखाती। 48 घंटों के भीतर 12,000 से अधिक ईरानियों का नरसंहार किया गया, यानी हर 14 सेकंड में एक हत्या।” उन्होंने वीडियो संदेश में कहा, “ईरान में आज लड़ाई सुधार और क्रांति के बीच नहीं है। यह कब्जे और आजादी के बीच है और ईरानी लोगों ने अपना पक्ष पहले ही चुन लिया है। लोग पीछे नहीं हटे हैं। उनके पक्के इरादे ने यह साफ कर दिया है। वे सिर्फ इस सरकार को नहीं ठुकरा रहे हैं। आगे बढ़ने के लिए एक भरोसेमंद नया रास्ता मांग रहे हैं। “ईरानी लोग जमीन पर ठोस कदम उठा रहे हैं। अब समय आ गया है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पूरी तरह से उनके साथ खड़ा हो।”

श्री पहलवी ने एक्स’ पर एक विस्तृत पोस्ट में कहा, “भविष्य का लोकतांत्रिक ईरान अपनी परमाणु सैन्य महत्वाकांक्षाओं को छोड़ देगा। आतंकवादी समूहों के लिए समर्थन खत्म करेगा, अमेरिका के साथ संबंध सामान्य करेगा और एक स्थिर शक्ति के रूप में उभरेगा। दुनिया भर में हमारे सभी दोस्तो, आपके मन में इस्लामिक गणराज्य के राज में ईरान की पहचान आतंकवाद, कट्टरपंथ और गरीबी से है। असली ईरान एक अलग ईरान है। एक सुंदर, शांतिप्रिय और खुशहाल ईरान। मैं यह साफ कर दूं कि इस शासन के गिरने के बाद आजाद ईरान अपने पड़ोसियों और दुनिया के साथ कैसा बर्ताव करेगा। सुरक्षा और विदेश नीति में ईरान का परमाणु सैन्य कार्यक्रम खत्म हो जायेगा। आतंकवादी समूहों का समर्थन तुरंत बंद हो जायेगा। एक आजाद ईरान आतंकवाद, संगठित अपराध, नशीले पदार्थों की तस्करी और चरमपंथी इस्लामवाद का सामना करने के लिए क्षेत्रीय और वैश्विक साझीदारों के साथ काम करेगा।”
ऊर्जा और आर्थिक नीति पर श्री पहलवी ने कहा, “ऊर्जा के मामले में ईरान के पास दुनिया के कुछ सबसे बड़े तेल और गैस भंडार हैं। एक आजाद ईरान, दुनिया के लिए एक भरोसेमंद ऊर्जा आपूर्तिकर्ता बनेगा। नीति बनाना पारदर्शी होगा। ईरान के काम जिम्मेदार होंगे। कीमतें अंदाजा लगाने लायक होंगी। पारदर्शिता और शासन में ईरान अंतरराष्ट्रीय मानक अपनायेगा और लागू करेगा। धनशोधन का सामना किया जायेगा। संगठित भ्रष्टाचार खत्म किया जायेगा। सार्वजनिक संस्थाएं जवाबदेह बनेंगी।”
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के मामले में ईरान दुनिया के आखिरी बड़े अछूते बाजार में से एक है। हमारी आबादी पढ़ी-लिखी, आधुनिक है और उनका फैलाव दुनिया के चारों कोनों में हैं। एक लोकतांत्रिक ईरान अपनी अर्थव्यवस्था को व्यापार, निवेश और नवाचार के लिए खोलेगा और ईरान दुनिया में निवेश करने की कोशिश करेगा। यह व्यावहारिक दृष्टिकोण है। जो देश के हित, स्थायित्व और सहयोग पर आधारित है। इसे पाने के लिए अब ईरानी लोगों के साथ खड़े होने का समय है। इस्लामिक गणराज्य का खत्म होना और ईरान में एक धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक सरकार का बनना न सिर्फ मेरे लोगों की इज्जत वापस लायेगा, बल्कि इससे इस इलाके और दुनिया को भी फायदा होगा। एक आजाद ईरान शांति, खुशहाली और साझीदारी के लिए ताकत होगा।”

Next Post

चीन की विकास दर 2025 में लगभग पांच प्रतिशत रही

Mon Jan 19 , 2026
बीजिंग, 19 जनवरी (वार्ता) चीन की विकास दर 2025 में लगभग पांच प्रतिशत रही और सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 140.1879 ट्रिलियन युआन (लगभग 20.01 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (एनबीएस) के आंकड़ों से पता चला है कि 2025 में चीन का सकल […]

You May Like