
छतरपुर। जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत कैड़ी तिराहे के पास बीती शाम एक तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। ट्राला पलटने से कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्राला तेज गति से आ रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। ट्राला चालक और वाहन मालिक ने बताया कि चलते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए थे। सामने किसी बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए चालक ने ट्राले को सड़क के किनारे मोड़ दिया, लेकिन इसी दौरान ट्राला पलट गया।
ड्राइवर का कहना है कि यदि वाहन को किनारे नहीं मोड़ा जाता तो वह बड़ी लाइन की ओर पलट सकता था, जिससे गंभीर हादसा हो सकता था। हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने प्राथमिक उपचार देकर संभाल लिया।
सूचना मिलने पर ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया और ट्राले को हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से। फिलहाल यातायात सामान्य कर दिया गया है।
