तेहरान, 18 जनवरी (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने अमेरिकी विदेश विभाग के उस दावे को खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया है कि ईरान पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकानों पर हमले की योजना बना रहा है।
उन्होंने शनिवार को अधिकारिक समाचार एजेंसी इरना को दिए एक साक्षात्कार में ये टिप्पणियां कीं और इन आरोपों को “क्षेत्र में तनाव पैदा करने की अमेरिकी नीति के अनुरूप” बताया। श्री बगाई ने देश की रक्षा के लिए ईरानी सशस्त्र बलों की अपनी सैन्य क्षमताओं को बनाए रखने और सुधारने के दृढ़ संकल्प पर भी जोर दिया और कहा कि ईरान किसी भी “आक्रामक” कदम का स्पष्ट रूप से कड़ा जवाब देगा।
गौरतलब है कि शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फारसी भाषा में एक पोस्ट में अमेरिकी विदेश विभाग ने दावा किया कि उसे ऐसी रिपोर्टें मिली हैं जिनसे पता चलता है कि ईरान, अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा है। इसमें कहा गया है कि “सभी विकल्प खुले हैं” और अमेरिकी संपत्तियों पर किसी भी हमले का “बहुत ही कठोर बल” से जवाब दिया जाएगा।
हाल के दिनों में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने के बहाने ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई की बार-बार धमकी दी है। वहीं, ईरान ने लगातार अमेरिका को अपने आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने और देश के भीतर “दंगे और आतंकवाद” भड़काने के खिलाफ चेतावनी दी है।
रियाल के मूल्य में भारी गिरावट के विरोध में दिसंबर के अंत से ही ईरान के कई शहरों में प्रदर्शन शुरू हो गए थे। अधिकारियों ने प्रदर्शनों को स्वीकार करते हुए कहा है कि वे आर्थिक शिकायतों के समाधान के लिए तैयार हैं, साथ ही हिंसा, तोड़फोड़ और अशांति के खिलाफ चेतावनी भी दी है।
शुरुआत में शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित ये प्रदर्शन धीरे-धीरे हिंसक हो गए, जिससे जानमाल का नुकसान हुआ और सार्वजनिक संपत्ति, मस्जिदों, सरकारी इमारतों और बैंकों को क्षति पहुंची। ईरानी अधिकारियों ने इसके लिए अमेरिका और इज़रायल को जिम्मेदार ठहराया है।
