
इंदौर. भागीरथपुरा क्षेत्र में स्वास्थ्य हालात अब नियंत्रण में नजर आ रहे हैं. शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में 40 मरीज पहुंचे, जिनमें से डायरिया के केवल 2 मरीज सामने आए. इनमें से किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं पाई गई. फिलहाल 15 मरीज अस्पतालों में इलाजरत हैं. इनमें 9 मरीज सामान्य वार्ड में भर्ती हैं, जबकि 6 मरीज आईसीयू में उपचार ले रहे हैं. वहीं वेंटिलेटर पर किसी नए मरीज को नहीं रखा है.
सीएमएचओ डॉक्टर माधव हसानी ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है. कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर क्षेत्र में दो एम्बुलेंस 24 घंटे तैनात की गई हैं. इसके साथ ही डॉक्टरों की राउंड-द-क्लॉक ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. जरूरत पड़ने पर मरीजों को एमवाय अस्पताल, अरविंदो अस्पताल और बच्चों को चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय रेफर किया जा रहा है. इसके अलावा जो मरीज निजी अस्पतालों में इलाज कराना चाहते हैं, वहां भी निशुल्क उपचार, जांच और दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित की है. वहीं क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और साफ सफाई, पेयजल तथा स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पिछले 24 घंटों में डायरिया के मामलों में कमी आई है, जो स्थिति के सामान्य होने की ओर इशारा करती है.
