विंडहोक, 17 जनवरी (वार्ता) वीरन चामुदिथा (192) और दिमंथा महाविथान (115) की आतिशी शतकीय पारियों की बदौलत श्रीलंका ने शनिवार को अंडर-19 विश्वकप के आठवें मुकाबले में जापान के खिलाफ चार विकेट पर 387 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।आज यहां जापान की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका के लिए दिमंथा महाविथान और वीरन चामुदिथा की सलामी जोड़ी ने रिकार्ड 328 रनों की साझेदारी कर विशाल लक्ष्य की नींव रखी। दिमंथा महाविथान ने 125 गेंदों में 11 चौके लगाते हुए 115 रन बनाये। वहीं वीरन चामुदिथा ने 146 गेंदों में 26 चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 192 रनों की पारी खेली। श्रीलंका के ये दोनों विकेट 44वें और 45वें ओवर में गिरे। 47वें ओवर में दुलनिथ सिगेरा (पांच) तीसरे विकेट के रूप में आउट हुये। कविजा गमागे चार रन बनाकर आउट हुये। श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट पर 387 रन बनाये। कप्तान विमथ दिनसारा ने 24 गेंदों में एक चौका और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 44 रनों की पारी खेली।
जापान के लिए टिमोथी मूर ने तीन विकेट लिये।

