जबलपुर: मप्र हाईकोर्ट के जस्टिस विशाल धगट ने कहा कि युवा पीढ़ी को स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करना चाहिए। इससे जीवन के आशातीत प्रगति मिलेगी। वे अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद जबलपुर इकाई द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे।हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशनए जबलपुर के सभागार में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए आदर्श एवं मार्गदर्शक हैं।
इसलिए उनके व्यक्तित्व-कृतित्व से काफी सीखा जा सकता है। स्वामी विवेकानंद प्रत्येक भारतीय युवा के लिए शोध का विषय हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने अखिल विश्व में भारत के गौरव का डंका बजाया था। विश्वधर्म सम्मेलन में उनका वक्तव्य ऐतिहासिक बन गया। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत सिंह रूपराह, डिप्टी सालिसिटर जनरल सुयश मोहन गुरु, क्षेत्रीय संयोजक प्रदीप सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष सुशीला पालीवाल, हाईकोर्ट इकाई अध्यक्ष हरीश अग्निहोत्री, जिला इकाई के राम मिलन प्रजापति, हाईकोर्ट एडवाकेट्स बार के उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा सहित अन्य मंचासीन थे। संचालन प्रियंका मिश्रा, सुनील गुप्ता व संदीप कुमार शुक्ला ने किया।
