भैरुंदा। ग्राम सिंहपुर निवासी महिला की नसबंदी ऑपरेशन के बाद मौत हो जाने से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. परिजनों और ग्रामीणों ने सिविल अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार 12 जनवरी सोमवार को शिवानी बारेला पत्नी नवल सिंह बरेला को नसबंदी ऑपरेशन के लिए सिविल अस्पताल लाया गया था. ऑपरेशन के करीब दो घंटे बाद ही महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. रात को अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई. अगले दिन परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही समाज के सैकड़ों लोग अस्पताल पहुंच गए. भीड़ ने अस्पताल के गेट के ऊपर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया. मौके पर पुलिस प्रशासन मौजूद रहा और स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया. पूर्व सरपंच विक्रम बरेला ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है. वहीं परिजनों का कहना है कि अस्पताल में जिन भी अधिकारियों या कर्मचारियों की लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुनील गोलिया ने भी अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल का ढांचा पूरी तरह बिगड़ा हुआ है और इससे पहले भी यहां ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. बावजूद इसके प्रशासन मौन है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं जमीन पर पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही हैं. फिलहाल पुलिस प्रशासन जांच में जुटे हैं. पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद आगामी कार्रवाई की बात कही जा रही है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना है.
