रेहटी। रूद्रधाम आश्रम रमगढ़ा में मंदिर का ताला तोड़ कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर दानपेटी व नगदी बरामद कर ली गई है. जानकारी के अनुसार फरियादी विनीत तिवारी निवासी ग्राम रूद्रधाम आश्रम मंदिर रमगढ़ा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 दिसंबर की रात्रि में शनि मंदिर के शटर का ताला तोड़कर भीतर रखी सिंदूरी रंग की दान पेटी चोरी कर ली गई थी, जिसमें लगभग 5 हजार रुपए नगद थे. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. मुखबिर की सूचना एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही युसूफ पिता मुंशी खां निवासी पानीगांव, थाना कांटाफोड़ जिला देवास से पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों असलम पिता यासिन खां एवं नर्मदा प्रसाद मालवीय पिता रमेश मालवीय के साथ मिलकर रूद्रधाम आश्रम, रमगढ़ा में चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दानपेटी तथा 1 हजार 920 रुपए नगद जब्त किए हैं.
