रीवा:मध्य प्रदेश सरकार द्वारा रीवा जिले में आवारा मवेशियों को लेकर वृहद स्तर पर गौशालाएं निर्मित की गई हैं. यहां आवारा मवेशियों को रखने और उनके खाने-पीने की व्यवस्था किए जाने का ढकोसला भी किया जा रहा है.आवारा गौवंश खुलेआम किसानो की फसलो को चौपट कर रहे है, जिससे किसान परेशान है. एक विद्यालय के अंदर गौवंश को बंद किया गया है. जबकि जिले में गौशाला खुली है और लाखो का बजट मिलता है फिर भी गौवंश मारे-मारे फिर रहे है.
जिले के मनगवां तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धवैया में शासकीय हाई स्कूल में क्लास रूम के अंदर मवेशियों को बंद करके रखा गया है और गेट पर ताला लगा दिया गया है. ग्रामीणों ने बताया कि यहां तकरीबन 10 दिन से दो दर्जन से ज्यादा मवेशी बंद हैं जिनको खिडक़ी से भूसे और पानी की व्यवस्था की जा रही है. यहां छात्र-छात्राओं की जगह मवेशी नजर आ रहे हैं विद्यालय में छात्र-छात्राओं की जगह मवेशियों की क्लास संचालित की जा रही है.
मुख्य गेट पर ताला बंद कर इन मवेशियों को अंदर बंद किया गया है जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. यह वायरल वीडियो जिले के संचालित गौ शालाओं और उसकी आड में किए जा रहे भ्रष्टाचार की पोल खोल रही है. विद्यालय में जहा छात्रों को बैठना चाहिए वहा मवेशी है. दरअसल आवारा गौवंश फसलो को नष्ट कर रहे है जिससे तंग आकर स्थानीय किसानो ने विद्यालय में ही गौवंशो को लेकर बंद कर दिया और प्रबंधन भी मूकदर्शक बना है.
