ग्वालियर:कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा है कि उनकी जिला कार्यकारिणी प्रदेश आलाकमान से चर्चा के बाद शीघ्र घोषित होगी। कार्यकारिणी में ज्यादातर चेहरे युवा होंगे और कांग्रेस के समर्पित, निष्ठावान व कार्यक्रमों में शिरकत करने वालों को ही स्थान मिलेगा। सुरेन्द्र यादव ने यह भी कहा है कि कार्यकारिणी में नेताओं की एप्रोच वाले चेले चपाटों को स्थान नहीं मिलेगा, जो होर्डिंग और पोस्टरबाजी की नेतागिरी करते है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि उनकी लिस्ट तैयार है और आलाकमान व प्रदेश अध्यक्ष के अनुमोदन के बाद जारी हो जायेगी। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारियों में साफ सुथरे बेदाग और सक्रिय कार्यकर्ताओं को स्थान मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारियों यानि अपनी टीम के लिये उन्होंने काफी होमवर्क किया है, वह चाहते हैं कि कांग्रेस के पदाधिकारी ऐसे हो जो केवल नाम के पदाधिकारी नहीं हो, बल्कि जनता से जुड़े मुददे और कांग्रेस की रीति नीतियों को घर घर पहुंचायें, ताकि कांग्रेस जिले में अपना पुराना वैभव फिर प्राप्त कर सकें।
कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस को फिर से खड़ा करना है, इसीलिये ही कांग्रेस कार्यकर्ता को सम्मान मिले यह उनका प्रयास है। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल नाम के लिये नेताओं के पटठों से परहेज है। हां ऐसे कार्यकर्ता भले ही चलेंगे जो किसी नेता से जुड़े हों, लेकिन पहले वह कांग्रेस के लिये काम करें। तभी हम पार्टी को मजबूती दे पायेंगे। सुरेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस में पदाधिकारियों की भर्ती अब नहीं चलेगी, केवल कार्यकर्ताओं के काम, उनके संघर्ष से उन्हें पद दिये जा रहे हैं। वह कांग्रेस को जिले में मजबूत बनाने के लिये सभी वरिष्ठ नेताओं से भी परामर्श व आर्शीवाद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न रिक्त पड़े पदों सहित मोर्चा, प्रकोष्ठों में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को भी समायोजित किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को भी कुछ महत्वपूर्ण पदों पर सम्मान देने की उनकी प्लानिंग है।
