श्रीगंगानगर, (वार्ता) राजस्थान में चूरू जिले में कई दिनों से जारी तेंदुए की दहशत से लोगों को मंगलवार शाम राहत मिल गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग के चार रेंज के दलों ने मिलकर तेंदुए को मोलीसर छोटा के खेतों में पकड़ लिया।
चूरू के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) भवानी सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे से तेेंदुए की तलाश में जुटे वन विभाग के दल को आखिरकार शाम को सफलता मिली। दल ने गांव मोलीसर एवं रतनसरा की रोही में तलाशी अभियान शुरू किया। मोलीसर गांव के छोटा के प्रभूराम के खेत में तेदुआ दिखाई दिया। जिसे करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बेहोश करके पकड़ लिया गया। इस दौरान बावरियों एवं ग्रामीणों ने भी सहयोग प्रदान किया।
उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से सरदारशहर, तारानगर, रतनगढ़ एवं फतेहपुर की रोही में तेंदुए के होने की सूचना से लोग काफी दहशत में थे। वर्तमान में फसलों की बुवाई की हुई हैं। रात के समय में बिजली आने के कारण किसानों को रात के समय फसलों को पानी देना पड़ता है। ऐसे में तेदुए के डर से किसान खेतों में जाने से कतरा रहे थे।
